ललितपुर। शासन द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, यातायात पुलिस, नगर विकास सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
संयुक्त टीम करेगी अतिक्रमण व अवैध पार्किंग पर कार्रवाई
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राजस्व विभाग, परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका की संयुक्त टीम गठित कर विभिन्न मार्गों पर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों के लिए होल्डिंग एरिया और लेआउट एरिया का चिन्हांकन किया जाए। साथ ही कमरतोड़ स्पीड ब्रेकरों को चिन्हित कर व्यवस्थित किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
अवैध होर्डिंग्स हटाने और सड़क चौड़ीकरण के निर्देश
ईओ को शहर में अवैध होर्डिंग्स हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्य मार्गों के चौड़ीकरण का कार्य त्वरित गति से पूरा कराने और पीए सिस्टम दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए।
सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई व साइन बोर्ड लगाने के आदेश
लोक निर्माण विभाग को सड़कों के किनारे झाड़ियों की कटाई और आवश्यक साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
जीरो फेटिलिटी लक्ष्य पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
यातायात प्रभारी को सड़क दुर्घटनाओं में “जीरो फेटिलिटी” लक्ष्य प्राप्त करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
सीएमओ को ट्रामा केयर इकाइयों को सक्रिय रखने और बस चालकों के लिए हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
डग्गामार और ओवरलोड वाहनों पर सख्ती
परिवहन विभाग को सभी डग्गामार वाहनों को सीज करने, बसों की फिटनेस जांच सुनिश्चित करने तथा 300 किमी से अधिक दूरी तय करने वाली बसों में दो ड्राइवर अनिवार्य रखने के निर्देश दिए गए।
डीआईओएस को निजी विद्यालयों के स्कूली वाहनों के चालकों का सत्यापन अनिवार्य कराने के आदेश दिए गए।
यातायात प्रभारी को स्टंटबाजों के खिलाफ चालान व डीएल जब्तीकरण की कार्रवाई तथा ओवरलोड और हाईवे पर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एसपी, क्षेत्राधिकारी सदर, सीएमओ, डीआईओएस, आबकारी अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, ईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Post a Comment