राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण ठंड का दौर जारी है। शनिवार को दिल्ली में इस मौसम की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान गिरकर 4.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है और न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस बना रह सकता है।
भारतीय मौसम विभाग ने 11 और 12 जनवरी के लिए दिल्ली में घने से लेकर बहुत घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 12 जनवरी तक बेहद घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में 17 जनवरी तक कोहरे का असर बना रह सकता है। राजस्थान में 11 जनवरी तक घना कोहरा रहेगा और 13 जनवरी तक कुछ इलाकों में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में भी कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 11 और 12 जनवरी को राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में शीत दिवस की स्थिति बन सकती है। राजस्थान में 12 और 13 जनवरी को शीतलहर चलने की संभावना है। झारखंड, ओडिशा और उत्तर कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में भी ठंड का असर देखा जा सकता है।
कई राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है। पंजाब के अमृतसर में मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान भी कई जगहों पर औसत से नीचे बना हुआ है।
पहाड़ी इलाकों में जमा देने वाली ठंड
उत्तराखंड में 15 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून में घना कोहरा छाया रह सकता है। राज्य के कुछ इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है।
हिमाचल प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड जारी है। भुंतर, कल्पा, सोलन, कुकुमसेरी, मनाली और लाहौल-स्पीति समेत कई क्षेत्रों में तापमान माइनस में दर्ज किया गया है, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया है।
दक्षिण भारत में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 11 जनवरी को तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। 11 और 12 जनवरी के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य प्रदेश में अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों के दौरान तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
पूर्वी भारत में अगले दो दिनों में तापमान लगभग 2 डिग्री बढ़ने के बाद स्थिर रहने का अनुमान है, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में अगले तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। महाराष्ट्र में शुरुआती दिनों में तापमान स्थिर रहेगा और बाद में हल्की बढ़ोतरी संभव है। गुजरात में पहले तापमान में बढ़ोतरी होगी, इसके बाद 2 से 3 डिग्री तक गिरावट देखी जा सकती है।
Post a Comment